News War Live

National News Portal

बिज़नेस

शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत, सेंसेक्स 150 अंक लुढ़का, निफ्टी 24 हजार के नीचे

नई दिल्ली- घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी देखने को मिली। सेंसेक्स में 150 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 50 24,000 के स्तर से नीचे फिसल गया। शुरुआती सत्र में खासतौर पर एविएशन और टेलीकॉम सेक्टर के शेयरों पर दबाव बना रहा।

कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स एक समय 260 अंकों से ज्यादा गिरकर 76,200 के करीब पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी फिसलकर 24,000 के आसपास आ गया। सुबह करीब 9:19 बजे सेंसेक्स 99 अंकों की कमजोरी के साथ 76,389 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, वहीं निफ्टी भी हल्की गिरावट के साथ 24,004 के आसपास बना रहा। इस दौरान भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे कमजोर होकर 95.40 पर पहुंच गया।

शेयरों की बात करें तो इंडिगो, भारती एयरटेल, सन फार्मा, ट्रेंट, टाइटन कंपनी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में करीब 4% तक की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओरइंफोसिस , टेक महिंद्रा, टीसीएस, बीईएल और एचसीएल टेक के शेयरों में बढ़त देखने को मिली।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बाजार में व्यापक दबाव नजर आया। ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑटो सेक्टर में गिरावट रही, जबकि पीएसयू बैंक और फार्मा सेक्टर में हल्की मजबूती दर्ज की गई।